उज्जैन के केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 11वीं में पढ़ने वाले एक छात्र का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। उसके गले में रस्सी बंधी और मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। पास ही स्कूल बैग पड़ा मिला। इस मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी नितेश भार्गव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे उज्जैन के मक्सी रोड स्थित पंड्या खेड़ी में नाले के पास झाड़ियों में एक शव होने की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि मृतक राज एन्क्लेव में रहने वाला छात्र नैतिक पाल (उम्र 18 वर्ष) है। वह पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 11वीं में पढ़ता था। मौके पर फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया है। नैतिक परिवार में इकलौता बेटा था। छात्र के आई कार्ड से हुई पहचान
पुलिस ने बताया नैतिक पाल के गले में मोटी रस्सी और मुंह में रुमाल फंसा मिला है। बैग और पानी की बोतल शव के पास ही मिले। बैग से मिले आईडी कार्ड से उसकी पहचान हो सकी। कार्ड में पिता का नाम प्रकाश पाल और मां का नाम दिव्या पाल लिखा हुआ है। दोस्त को स्कूल छोड़कर वापस आया था
पुलिस को अब तक जांच में पता चला है कि नैतिक पाल सुबह एक्टिवा से अपने दोस्त के साथ स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वो अपने दोस्त को स्कूल छोड़ने के बाद खुद स्कूल नहीं पहुंचा। पुलिस पता लगा रही है कि, आखिर नैतिक स्कूल क्यों नहीं गया था और वो किसके कहने पर झाड़ियों के पास पहुंचा था। पिछले साल फेल हुआ था नैतिक
नैतिक के पिता आरटीओ एजेंट हैं और मां एक मॉल में काम करती है। नैतिक पिछले दो दिन से स्कूल नहीं जा रहा था। वो पिछले साल फेल हो गया था। पिता ने बताया कि नैतिक का पिछले साल रिजल्ट जरूर बिगड़ा था, लेकिन वो इस साल पढ़ाई पर ध्यान दे रहा था। कुछ दिन पहले ही स्कूल की ओर से इंदौर आईआईटी कैम्पस के टूर पर भी गया था। उसने कभी किसी भी परेशानी का जिक्र नहीं किया। यह खबर भी पढ़ें.. ग्वालियर में 9वीं की स्टूडेंट ने किले से कूदकर आत्महत्या की ग्वालियर में 9वीं क्लास की एक स्टूडेंट ने किले से कूदकर खुदकुशी कर ली। घटना पड़ाव थाना क्षेत्र के सेवा नगर स्थित किले की तलहटी में गुरुवार शाम 6 से 7 बजे के बीच की है। 2 घंटे से ज्यादा समय तक सर्चिंग कर शव बरामद किया। छात्रा ने सुसाइड क्यों किया, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पूरी खबर पढ़ें


