उज्जैन में पानी के बंटवारे को लेकर चक्का जाम:3 घंटे सड़क पर बैठे किसान, डैम के पानी को लेकर दो गांव के किसान आमने-सामने

उज्जैन जिले के माकड़ोन में पानी के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बाद किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। डेम के पानी को लेकर हुए विवाद के चलते माकड़ोन के किसानों ने मंडी गेट के बाहर चक्का जाम कर दिया। जाम के कारण कई घंटे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। किसानों के समर्थन में महिलाएं भी अपने काम छोड़कर प्रदर्शन में शामिल हो गईं। माकड़ोन के किसानों का आरोप है कि डेलची गांव के किसानों ने बीती रात उनकी मोटर और पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया। बताया गया कि पैतीसा डेम के पानी के बंटवारे को लेकर माकड़ोन और डेलची गांव के किसानों के बीच पिछले करीब छह वर्षों से विवाद चल रहा है। आरोप है कि रात के समय डेलची के कुछ लोगों ने डेम से माकड़ोन की ओर जा रही पाइपलाइन की मोटर उखाड़कर फेंक दी और कई पाइप तोड़ दिए। इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और उनकी फसलों की सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई। सुबह जब करीब 35 से अधिक किसानों की पाइपलाइन टूटी हुई मिली, तो आक्रोशित होकर माकड़ोन के 200 से ज्यादा किसानों ने चक्का जाम कर दिया। यह जाम सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ, जो दोपहर 1 बजे तक जारी रहा। किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल के लिए अधिक पानी की आवश्यकता है, जबकि डेम में पानी की कमी बनी हुई है। इसी वजह से हर साल पानी के बंटवारे को लेकर दोनों गांवों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है। 15 पर एफआईआर दर्ज तहसीलदार नवीन कुंभकार ने बताया कि बीती रात कुछ किसानों द्वारा पाइपलाइन और मोटर नष्ट किए जाने की घटना सामने आई है। किसानों ने नुकसान की भरपाई और पानी के अधिकार की मांग की है। मामले में पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम भेजी गई है, जो नुकसान का आकलन करेगी और पानी के विवाद को आपसी बैठक के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। इस घटना में करीब 35 किसानों की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। 20 से 25 हजार तक का नुकसान गांव के राधेश्याम ने बताया कि परमिशन मिलने के बाद भी डेलची के लोग फसल पकने की कगार पर रहती है तब मोटर पाइप और स्टार्टर को नुकसान पहुंचाते है, कई बार शिकायत की कोई सुनवाई नहीं हुई। 20 से 25 हजार रुपए तक का नुकसान हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *