उज्जैन में पीने के पानी में निकल रहे कीड़े…VIDEO:कार्तिक चौक, सिंहपूरी, खटीक वाडा के रहवासी परेशान; शिकायत के बाद भी नहीं हुआ सुधार

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौत के बाद उज्जैन में भी नल के पानी को लेकर हड़कंप मच गया है। शहर के कई इलाकों में नलों से गंदा पानी और कीड़े निकलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बुधवार को ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें नल से निकलते पानी में बड़ी संख्या में कीड़े दिखाई दे रहे हैं। मामला उज्जैन के वार्ड क्रमांक 21 का बताया जा रहा है, जहां लंबे समय से दूषित जल की समस्या बनी हुई है। रहवासी लगातार शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद नलों से गंदा पानी आना बंद नहीं हो रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर दैनिक भास्कर की टीम मौके पर पहुंची। यह वही नल है, जिसका उपयोग आसपास के दुकानदार, स्थानीय रहवासी और देशभर से आने वाले श्रद्धालु करते हैं। दूषित जल की इस गंभीर समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन फिलहाल इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। पानी में निकल रहे कीड़े वीडियो में नल से निकलते पानी में बड़ी संख्या में कीड़े साफ दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस नल से जुड़ी पाइपलाइन सीवरेज लाइन के पास से होकर गुजर रही है, जिसके कारण पानी दूषित हो रहा है। क्षेत्रीय पार्षद अर्पित दुबे ने बताया कि वार्ड क्रमांक 21 के कार्तिक चौक, सिंहपुरी और खटीकवाड़ा क्षेत्र में पिछले कई महीनों से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। इस संबंध में नगर निगम में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। पान की दुकान संचालित करने वाले राजेश जोशी ने जब सरकारी नल से पानी भरा, तो उसमें बड़ी संख्या में कीड़े निकलते दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने तुरंत नगर निगम और पार्षद को इसकी सूचना दी। पार्षद अर्पित दुबे के अनुसार, शिकायत के बाद कुछ अधिकारी सोमवार को मौके पर पहुंचे, लेकिन पाइपलाइन की मरम्मत किए बिना ही लौट गए। उन्होंने बताया कि फरवरी 2025 में महापौर को भी क्षेत्र में बुलाकर गंदे पानी की समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन तब भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। 40 साल पुरानी पाइपलाइन अब तक नहीं बदली गंदे पानी की समस्या से सबसे ज्यादा खटीकवाड़ा क्षेत्र के रहवासी परेशान हैं। स्थानीय निवासी हेदर अली ने बताया कि इलाके में पीने के पानी की लाइन करीब 40 साल पुरानी है, जिसे अब तक बदला नहीं गया है। कई स्थानों पर पाइपलाइन खुली पड़ी है, वहीं कुछ जगहों पर सीवरेज का पानी सीधे पेयजल लाइन में मिल रहा है। इसके कारण हर दूसरे दिन नलों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *