उज्जैन में रविवार सुबह साल की दूसरी ‘राहगीरी’ का आयोजन किया गया। उज्जैन-देवास रोड पर नगर निगम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोग अपने परिवारों के साथ शामिल हुए। इस दौरान मॉर्निंग वॉक, हल्की धूप और विभिन्न मंचों ने शहर की सुबह को उत्सव जैसा बना दिया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सहित हर आयु वर्ग के लोगों ने इसका आनंद लिया। कार्यक्रम में फिटनेस और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर जहां लोग जुंबा के जरिए खुद को फिट रख रहे थे, वहीं दूसरी ओर मंचों से भक्ति और फिल्मी गीतों की धुनें गूंज रही थीं। पांच साल के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने गीत, नृत्य और खेलकूद गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों के मन की बातें भी जानी विक्रम विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र एवं समाज कार्य अध्ययनशाला ने मानसिक स्वास्थ्य पर आधारित एक स्टॉल लगाया। यहां पर्चियों के माध्यम से लोगों की भावनाएं और जरूरतें पूछी गईं। कई लोगों ने खुशी को सबसे बड़ा लक्ष्य बताया, जबकि कुछ ने परिवार को प्राथमिकता दी और कुछ ने मदद की आवश्यकता व्यक्त की। विक्रम यूनिवर्सिटी के सामने बने मंच पर एक बच्ची ने भक्ति गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। तबले की धुन पर बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया। कोठी रोड तक दूर-दूर तक लोग अपने दोस्तों और परिवारों के साथ घूमते नजर आए। अलग-अलग एक्टिविटी में शामिल हुए लोग छोटे बच्चों ने मंच से भगवान शिव का पाठ भी किया। सभापति कलावती यादव ने बताया कि यह ‘राहगीरी’ प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है, इस वर्ष इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने इसमें शिरकत की। कार्यक्रम में कवि सम्मेलन, ऑर्केस्ट्रा, हनुमान चालीसा पर आधारित योग, विभिन्न खेलकूद, नृत्य और ‘रास्ता काशी’ जैसी गतिविधियां भी शामिल रहीं। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मुकेश यादव सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


