उज्जैन में 14 से 18 जनवरी तक श्री महाकाल महोत्सव:7 राज्यों के सीएम आमंत्रित; पहले दिन शंकर महादेवन अपने बेटों के साथ देंगे प्रस्तुति

उज्जैन में 14 से 18 जनवरी तक श्री महाकाल महोत्सव आयोजित होगा। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस बड़े आयोजन के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को आमंत्रित किया गया है। श्री महाकाल महोत्सव के पहले दिन शंकर महादेवन अपने बेटों के साथ प्रस्तुति देंगे। संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि महाकाल की नगरी में भगवान महाकाल को समर्पित संगीत, नृत्य, नाट्य और लोक परंपराओं का यह समागम देश-दुनिया के सांस्कृतिक मानचित्र पर उज्जैन को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा। सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक शंकर महादेवन, सिद्धार्थ शिवम् शिव-भक्ति और भारतीय संगीत की ऊंचाइयों को स्वर देंगे। वहीं, सोना महापात्रा की ओजस्वी और भावपूर्ण प्रस्तुति, विपिन अनेजा और श्रेयस शुक्ला जैसे कलाकारों की सहभागिता इस मंच को समकालीन सृजन का सशक्त स्वर प्रदान करेगी। उज्जैन के विभिन्न स्थलों से निकलने वाली कला यात्राएं जनजातीय संस्कृति की जीवंतता, रंगों, वाद्यों और नृत्य की लय के साथ श्री महाकाल महालोक परिसर तक पहुंचेंगी। इस महोत्सव में इंडोनेशिया और श्रीलंका के नाट्य दलों की सहभागिता के माध्यम से भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की प्रस्तुति दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *