बुरहानपुर जिले की खकनार थाना पुलिस ने पुणे के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हाथ से बनी चार देसी पिस्टल जब्त की गई हैं। इन दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उनके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। खकनार थाना टीआई अभिषेक जाधव ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध पिस्टल लेकर उतावली नदी पुलिया के पास महादेव मंदिर के सामने ग्राम सिरपुर में खड़े हैं। सूचना के आधार पर एक टीम गठित कर ग्राम सिरपुर भेजी गई। पुलिस ने इन्हें पकड़ा पुलिस ने साहिल पिता अशोक राजपूत (25), निवासी मंगलवारा पेठ, थाना फरसखाना, पुणे (महाराष्ट्र) और रामेश्वर पिता लक्ष्मण करे (27), निवासी गोकुल नगर, पुणे (महाराष्ट्र) को पकड़ा। साहिल की पेंट की कमर से एक हस्तनिर्मित देसी पिस्टल मिली, जबकि उसके बैग की तलाशी में दो और देसी पिस्टल बरामद हुईं। रामेश्वर की तलाशी लेने पर उसके पास से भी एक हस्तनिर्मित देसी पिस्टल जब्त की गई। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस इस प्रकार कुल चार देसी पिस्टल जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपए है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी साहिल राजपूत के खिलाफ थाना फरसखाना, पुणे और शिवाजी नगर थाना, पुणे में सात मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी रामेश्वर करे के खिलाफ थाना शंकर नगर, पुणे और थाना भारती विद्यापीठ में दो मामले दर्ज हैं।


