भास्कर न्यूज | बड़की सरिया सरिया प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय करनोडीह में जिला योजना (अनाबद्ध) मद के तहत चहारदीवारी निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। शिलान्यास केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और बगोदर विधायक सह सचेतक नागेंद्र महतो ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालय में चहारदीवारी नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब चहारदीवारी निर्माण से न केवल विद्यालय परिसर सुरक्षित होगा, बल्कि बच्चों को बेहतर और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण भी मिलेगा। वहीं बगोदर विधायक सह सचेतक नागेंद्र महतो ने कहा कि क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में यह एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के विकास से ही समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव है और सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मनीष मंडल ने की, जबकि संचालन अमनारी पंचायत के मुखिया अजय यादव ने किया। मुखिया अजय यादव ने विद्यालय में चहारदीवारी निर्माण की स्वीकृति के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह कार्य लंबे समय से ग्रामीणों और विद्यालय परिवार की मांग थी, जो अब पूरी हो रही है। मौके पर सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, सांसद प्रतिनिधि विनोद यादव, वरिष्ठ नेता नकुल मंडल, जिप सदस्य प्रतिनिधि हरिहर मंडल, समाजसेवी उपेंद्र यादव, युधिष्ठिर मंडल, लक्ष्मण दास, बब्लू मंडल, मुकेश यादव, मुखिया पिंटू यादव, गोपाल यादव, शिवधन मंडल, केदार मोदी, मथुरा यादव, रंजीत सिंह, वीरेंद्र यादव, केदार सिंह, अशोक तुरी, प्रहलाद सिंह, हरेंद्र यादव, सुदामा यादव, अशोक राणा, दुलार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


