बड़वानी। शहर के समीप जागीरदारपुरा नर्मदा तट पर शनिवार को मां नर्मदा जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष आयोजन हुए। इस दौरान 1008 श्री ईश्वरानंद उत्तम स्वामी की मौजूदगी में मां नर्मदा को 1100 मीटर लंबी चुनरी ओढ़ाई गई। घाट ‘नर्मदे हर’ के जयघोष से गूंज उठा। उत्तम स्वामीजी शनिवार दोपहर जागीरदारपुरा घाट पहुंचे। उन्होंने मां नर्मदा का पूजन और दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद स्वामीजी ने नाव से नर्मदा का भ्रमण कर पुराने फिल्टर प्लांट परिसर में रविवार को होने वाले प्रसादी भंडारा स्थल का निरीक्षण भी किया। घाट पर लौटने के बाद उत्तम स्वामीजी के प्रवचन हुए। इसके उपरांत घाट पर स्थापित मां नर्मदा की प्रतिमा के समक्ष 56 भोग लगाया गया। इस आयोजन में नर्मदा जन्मोत्सव के आयोजक 108 श्री रामदास त्यागी श्रीराम बाबा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नर्मदा जागीरदारपुरा घाट समिति के अध्यक्ष अजयसिंह ठाकुर, ठाकुर देवेंद्रसिंह सोलंकी, ठाकुर महेंद्रसिंह सोलंकी, कनकसिंह दरबार, राजेंद्र दरबार, बाबू दरबार, राजेंद्र पिपरे, अनिल जोशी, महेंद्रसिंह भदौरिया, एसपी अग्रवाल और नानेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद थे। उत्तम स्वामीजी के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा गया, जिससे भक्तों को कोई असुविधा न हो। समिति सदस्यों ने बताया कि नर्मदा जयंती के अवसर पर रविवार सुबह 10 से 11 बजे तक नर्मदा पुराण कथा का आयोजन होगा। इसके बाद विधायक राजन मंडलोई अपनी पत्नी सहित मां नर्मदा को 1101 मीटर चुनरी अर्पित करेंगे। साथ ही दुग्धाभिषेक, महाआरती और कन्या पूजन-भोज भी होगा। शाम को पालकी यात्रा और दीपदान का कार्यक्रम रखा गया है। उल्लेखनीय है कि प्रति वर्ष नर्मदा जन्मोत्सव का आयोजन बैकवाटर किनारे होता रहा है, लेकिन इस वर्ष मां नर्मदा जागीरदारपुरा घाट पर चार दिवसीय नर्मदा पुराण कथा, सुंदरकांड सहित अन्य आयोजन किए जा रहे हैं।


