उत्तराखंड और यूपी के 4 युवक दुबई में फंसे;VIDEO:एजेंटों ने मोटी रकम वसूलकर धोखे से भेजा, पासपोर्ट छीनकर केमिकल के काम में लगाया

दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखे का शिकार हुए 4 युवकों ने वीडियो जारी कर मदद की गुहार लगाई है। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर और खटीमा के एजेंटों के जाल में फंसकर रोजगार की तलाश में चारों युवक विदेश गए थे। चारों युवक दुबई में शोषण और दुर्व्यवहार का शिकार हो रहे हैं। इन युवाओं को एजेंटों ने बहकाया और धोखा दिया। एजेंटों ने चारों को बेहतर अवसरों के सपने दिखाकर दुबई भेजा था। एजेंटों को मोटी रकम देने के बाद उन्हें वादे के अनुसार काम नहीं मिला और उनके पासपोर्ट भी जब्त कर लिए गए। वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले की जांच सौंपते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश के रामपुर पुलिस को भी घटना की जानकारी दी है। वीडियो में बयां की दर्दनाक कहानी
खटीमा निवासी जुगेश, लल्लन प्रसाद और यूपी के रामपुर निवासी विशाल शर्मा और रंजीत सिंह ने वीडियो बनाकर दुबई में फंसे होने की दर्दनाक कहानी साझा की। वीडियो में एक युवक ऊधम सिंह नगर के एसएसपी से मदद की गुहार लगा रहा है। युवक कह रहा है कि हमें खटीमा और रुद्रपुर के दो एजेंटों ने कहा था कि दुबई में पानी की टोटी पैकिंग करने का काम है। यहां पर रबर-प्लास्टिक का काम होता है। यहां पर टायर बनाया जाता है। केमिकल का काम करने की वजह से हमारी तबीयत खराब हो रही है। मेरी 15 दिन से तबीयत खराब है। एयरपोर्ट पर एग्रीमेंट में कराए साइन
युवक बता रहा है कि एक एजेंट मिलने आया था और धमकी दी कि ऐसी जेल में डालूंगा कि तुम चारों दुबई से नहीं निकल पाओगे। दुबई भेजने वाले एजेंट रघुविंदर सिंह से बात की तो उसने कहा- तुम वहां से एक वीडियो बनाकर भेज दो। तो हम तुम्हें इंडिया बुलाएंगे। जो तुम लोगों ने पैसा दिया है, वह वापस नहीं मिलेगा। एयरपोर्ट में इन्होंने एक एग्रीमेंट में साइन कराए। हमारा एक वीडियो भी शूट किया। एजेंट ने कहा जैसा हम बोलेंगे ऐसा ही बोलना। जैसा उन्होंने कहा वैसा ही हमने वीडियो में बोला। विरोध करने पर मिली धमकी
युवकों का कहना है कि जब उन्होंने इस शोषण का विरोध किया तो उन्हें धमकियां दी जाने लगीं, जिससे वे डरे हुए हैं। वीडियो सामने आते ही एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल संज्ञान लिया। एसएसपी ने खटीमा कोतवाली पुलिस को जांच के निर्देश दिए। साथ ही रामपुर (यूपी) पुलिस को भी पूरे मामले से अवगत कराया है। पुलिस कर रही परिजनों से संपर्क
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पीड़ितों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवकों को दुबई भेजने वाले एजेंट कौन हैं। दोषी एजेंटों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित युवकों को सुरक्षित भारत वापस लाने के प्रयास किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *