उत्तराखंड से भागे प्रेमी-प्रेमिका ने सहारनपुर में की शादी:परिजनों से जान का खतरा, यूपी पुलिस लगाई सुरक्षा की गुहार

उत्तराखंड के रुड़की-कलियर क्षेत्र से आए एक प्रेमी युगल ने सहारनपुर में कोर्ट मैरिज के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युगल का कहना है कि उन्हें अपने परिजनों से जान का खतरा है और उन्हें उत्तराखंड पुलिस पर भरोसा नहीं है। इसी वजह से वे यूपी पुलिस से मदद मांगने सहारनपुर पहुंचे हैं। बुधवार को यह प्रेमी युगल सहारनपुर पुलिस लाइन पहुंचा और पुलिस अधीक्षक नगर को एक प्रार्थना पत्र सौंपा। युवती नैना ने बताया कि करीब एक साल पहले उसके परिजनों ने उसकी सगाई उसके प्रेमी रोहित से तय की थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और परिवार की सहमति से सगाई हुई थी। हालांकि, एक साल बाद परिजनों का रवैया अचानक बदल गया। नैना का आरोप है कि उसके परिजन उस पर सगाई तोड़ने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। जान का खतरा महसूस होने पर वह अपने प्रेमी रोहित के साथ सहारनपुर आ गई। युगल ने बताया कि 20 नवंबर को उन्होंने सहारनपुर की कोर्ट में कानूनी रूप से शादी कर ली। शादी की खबर मिलते ही युवती के पिता और दादा ने उन्हें जान से मारने की धमकियां देना शुरू कर दिया। उन्हें फोन पर लगातार डराया जा रहा है और वापस लौटने का दबाव बनाया जा रहा है। नैना ने बताया कि उसके पिता की उत्तराखंड पुलिस में अच्छी पकड़ है, इसलिए वहां की पुलिस से उन्हें कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि उत्तराखंड लौटने पर उनकी जान खतरे में पड़ सकती है। युगल ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश की पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करती है और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। इसी भरोसे के साथ वे सहारनपुर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाने पहुंचे हैं। प्रेमी युगल अब सिर्फ एक ही मांग कर रहा है कि उन्हें चैन से पति-पत्नी की तरह जीने दिया जाए और उनकी जान की हिफाजत की जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *