उत्तरी हवा हो रही कमजोर, बढ़ेगा तापमान

भास्कर न्यूज | जांजगीर मकर संक्रांति के बाद जिले में मौसम में बदलाव दिखने लगा है। बीते दो दिनों से दिन की धूप तेज हुई है और दिन में ठंड का असर कम हुआ है। हालांकि न्यूनतम तापमान अब भी 10 डिग्री पर स्थिर है, लेकिन इसमें बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर से आने वाली ठंडी हवा कमजोर हुई है, जिसके कारण ठंड में कुछ कमी दर्ज की गई है। रविवार से न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री और दिन के तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। इससे शीतलहर से राहत मिल सकती है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा। शनिवार को दोपहर में तेज धूप रही, वहीं सुबह की ठंड भी पिछले दिनों की तुलना में कम रही। अब तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। फरवरी के पहले या दूसरे सप्ताह तक न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री के बीच रह सकता है, यानी इस दौरान भी ठंड बनी रहेगी। हालांकि दिन सामान्य से अधिक गर्म रह सकते हैं। मौसम तंत्र ला नीना के प्रभाव से ठंड का असर अधिक बना हुआ है। संभावना है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह तक ठंड महसूस होती रहेगी। बसंत ऋतु आते ही दिन का तापमान तेज़ी से बढ़ने लगेगा। सीजन में 35 दिन से अधिक रही शीतलहर इस बार जिले में कड़ाके की ठंड रही। दिसंबर से जनवरी के बीच कई दिनों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री या इससे नीचे दर्ज किया गया। करीब 35 दिनों तक कई क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बनी रही। लोगों को कई साल बाद इतने लंबे समय तक ठंड का अनुभव मिला है। जनवरी में ठंड पूरी तरह खत्म नहीं होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *