वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से उत्तर छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड की वापसी हो गई है। उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर गया है। मैदानी इलाकों में भी न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान भी 6 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी। शुक्रवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है एवं गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया है। पाट इलाकों में कड़ाके की ठंड
सरगुजा संभाग के पाठ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में खासी गिरावट आई है। शुक्रवार को पाठ इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर गया है। सरगुजा संभाग के सामरी, मैनपाट एवं सोनहत इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर के असर से आगामी दो दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में रातें सर्द रहेंगी। इस दौरान पाट से लेकर मैदानी इलाकों में भी खासी ठंड पड़ सकती है। कमजोर हुआ वेस्टर्न डिस्टरबेंस
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण फिर से सर्द हवाएं प्रवेश कर रही हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर हुआ है। इससे दो दिनों में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी संभावित है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में लगातार तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान है। इस वर्ष लगातार 49 दिनों तक अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के उपर चला गया था। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण फिर से ठंड की वापसी हुई है।


