उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में ठंड का असर जारी है। सरगुजा के पाट इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास बना हुआ है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान भी लगातार 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों में बादल छाए रहने से तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है। सरगुजा संभाग में पिछले एक सप्ताह से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ था। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से शीतलहरों की वापसी ने संभाग में ठंड की वापसी कर दी है। शीतलहरों के कारण जनवरी के अंतिम दो दिनों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिर गया था। सोमवार को पाट इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम में उतार-चढ़ाव, ठंड से मिलेगी राहत
शीतलहरों के कारण सरगुजा संभाग के पाट से लेकर मैदानी इलाकों में खासी ठंड पड़ रही है। शाम ढलते ही शीतलहरें ठिठुरा रही हैं। मौसम में बदलाव के कारण न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। रविवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान में भी कुछ बढ़ोत्तरी हुई है। रविवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान बढ़ने से दिन में ठंड से राहत मिली है। दो दिनों में बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के कारण फिर से सर्द हवाएं प्रवेश कर रही थीं। आज 2 फरवरी को फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके कारण बादल छाएंगे। 3 और 4 फरवरी को सरगुजा संभाग के बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश का भी पूर्वानुमान है। बारिश होती है तो न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट आएगी।
एएम भट्ट ने बताया कि ऋतु परिवर्तन हो चुका है। इसके कारण आगामी दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। आगामी दो दिनों में मौसम में आद्रता बढ़ने के कारण सुबह कोहरा भी छा सकता है।


