उत्तर पश्चिम रेलवे ने समयपालनता में सुधार के उद्देश्य से कुछ रेलसेवाओं के संचालन समय में आंशिक परिवर्तन किया है। यह बदलाव 1 फरवरी 2026 से प्रभावी होगा और अगले आदेशों तक जारी रहेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि यह कदम यात्रियों को बेहतर सेवा प्रदान करने और ट्रेनों की समय पर आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। परिवर्तित समय सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12462, साबरमती-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (प्रतिदिन) 1 फरवरी 2026 से साबरमती और महेसाना स्टेशनों पर बदले हुए समय पर संचालित होगी। इसी तरह, गाड़ी संख्या 12548, साबरमती-आगरा कैंट एक्सप्रेस (सप्ताह में 4 दिन) 2 फरवरी 2026 से साबरमती और महेसाना स्टेशनों पर परिवर्तित समय से चलेगी। गाड़ी संख्या 22548, साबरमती-ग्वालियर एक्सप्रेस (सप्ताह में 3 दिन) भी 3 फरवरी 2026 से इन्हीं स्टेशनों पर बदले हुए समय पर संचालित होगी। इसके अतिरिक्त, गाड़ी संख्या 79431, साबरमती-महेसाना डेमू (प्रतिदिन) 1 फरवरी 2026 से साबरमती, चांदखेड़ा रोड, खोडियार, कलोल, झुलासन, डांगरवा, अंबलियासन, जगुदन और महेसाना स्टेशनों पर नए समय के अनुसार चलेगी।


