दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, द्वारका में आयोजित 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह 2025 में उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) के आबूरोड स्थित रनिंग रूम को भारतीय रेलवे की बेस्ट रनिंग रूम शील्ड प्रदान की गई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह शील्ड उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ और अजमेर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा को सौंपी। इसी समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर पश्चिम रेलवे के पांच रेल कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया। इनमें उप प्रमुख कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव, अजमेर मंडल की मंडल वाणिज्य प्रबंधक मोनिका यादव, अजमेर मंडल के लोको पायलट (मेल/एक्सप्रेस) मुबारक हुसैन मंसूरी, सीनियर सेक्शन इंजीनियर/यांत्रिक शिवलाल जयसिंह पुरोहित और कॉन्स्टेबल ओंकार शामिल हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस उपलब्धि के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा को बधाई दी।


