भास्कर न्यूज | जशपुरनगर आसमान साफ होने के बाद उत्तर दिशा से लगातार शुष्क हवा चल रही है। शहर में हवा की रफ्तार 6 से 8 किमी प्रति घंटे तक बनी हुई है, जिसकी वजह से तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार की अलसुबह शहर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दोपहर में अधिकतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहा। शहर सहित पूरे पहाड़ी अंचल में एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। पंडरापाठ और सन्ना जैसे इलाकों में तापमान 6 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इन क्षेत्रों का तापमान आमतौर पर जशपुर से 2 से 3 डिग्री कम रहता है। तेज हवाओं के कारण फिलहाल सुबह के समय पाला नहीं जम रहा है, लेकिन हवा की रफ्तार कम होते ही एक बार फिर पाला जमने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि दिन में धूप निकलने के बाद लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ दिनों बाद बादल छा सकते हैं। इससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है, जबकि दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। हालांकि बादलों के बावजूद बारिश की संभावना कम बताई जा रही है। बीमार करने वाला मौसम सावधानी बरतना जरूरी डॉक्टरों के अनुसार वर्तमान मौसम स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। दिन में धूप निकलने से लोग गर्म कपड़े उतार रहे हैं, जबकि सुबह और शाम कड़ाके की ठंड बनी हुई है। ऐसे में सर्दी‑खांसी और बुखार की आशंका बढ़ जाती है। डॉक्टरों की सलाह है कि ठंड से बचाव के उपायों में कोई ढील न बरतें और गर्म कपड़े पहनना जारी रखें।


