उत्साह चरम पर…:शोभायात्रा निकाली, अब सभी को सेंटा के आने का इंतजार

भास्कर न्यूज | जालंधर नव वर्ष का आगाज होने ही वाला है। वहीं, साल के अंतिम दिनों के सबसे बड़े पर्व क्रिसमस का उत्साह भी शहर में चरम पर है। सांता क्लॉज का इंतजार… क्रिसमस ट्री… शानदार केक। शुक्रवार को इस मौके पर शहर में नकोदर रोड, खांबड़ा स्थित दी चर्च ऑफ साइंज एंड वंडर्स की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें पंजाब समेत हिमाचल, राजस्थान और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। अनुयायियों के हाथों में बाइबल के पवित्र वचनों वाली पट्टियां और झंडे थे, जो इंसानी जीवन को सुखद बनाने वाले प्रेम, मदद, शांति और प्रेम का संदेश दे रहे थे। शोभायात्रा में शामिल सजे-धजे वाहनों और प्रभु यीशु मसीह के जीवन पर आधारित जीवंत झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। विशेष रूप से गौशाला में बालक यीशु के जन्म के दृश्य को दर्शाती झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। पूरी शोभायात्रा के दौरान बैंड-बाजों की धुनों पर मसीह समुदाय के लोग हालेलुया के जयकारे लगाते और गीतों पर झूमते नजर आए। समारोह की शुरुआत अंकुर नरुला मिनिस्ट्री और पास्टर्स ने प्रार्थना कर की। अनुयायियों ने ‘प्रभु जी के दास रवे…’, ‘यीशु तू है जिंदगी तू है बंदगी…’, ‘असी यीशु दे बंदे हां आजाद परिंदे हां नफरत दे बदले बस प्यार ही दिंदे हां…’, ‘असी दीवाने प्रभु यीशु दे…’, ‘आओ रल मिल खुशी मनाइएं प्रभु यीशु दा जन्म मनाइएं…’, ‘प्रभु यीशु मसीह अपने भक्तों से प्यार करता है…’ समेत अन्य गीत गाए। पास्टर्स ने सभी को क्रिसमस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘हमें अपने जीवन में प्रभु यीशु की शिक्षाओं को अमल में लाना चाहिए। इससे हम अपने प्रभु को सच्चे मन से श्रद्धा के फूल भेंट करते हुए अपने बच्चों को उनकी शिक्षाओं के साथ जुड़ने की प्रेरणा देनी चाहिए, ताकि वह अपने जीवन को उनके बताए मार्ग पर चलते हुए सफल कर सकें। शोभायात्रा खांबड़ा चर्च से चलकर नकोदर रोड, वडाला चौक, श्री गुरु रविदास चौक, डॉ. बीआर अंबेडकर चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, श्री राम चौक, लवकुश चौक, फगवाड़ा गेट, भगत सिंह चौक, अड्डा होशियारपुर चौक से होते हुए गिरिजाघर में संपन्न हुई। अनुयायियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। क्रिसमस पर निकाली गई शोभायात्रा में शामिल लोग। शोभायात्रा में गीतों पर झूमते लोग। शोभायात्रा में शामिल हुए नन्हे बच्चे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *