उदयपुर की बेटी तनुश्री सोनी का मणिपुर में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित महिला फुटबॉल लीग के लिए हुआ है। वे आज वहां के लिए रवाना हुई है। दस साल की उम्र से तनुश्री फुटबॉल खेल रही है और अब मणिपुर में खेलेगी। उदयपुर से करीब 38 किलोमीटर दूर स्थित आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र जावर माइंस की रहने वाली फुटबॉल खिलाड़ी तनुश्री सोनी सामान्य परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना चुकी है। तनुश्री कहती है कि इस सफर में सबसे बड़ी प्रेरणा और मार्गदर्शन उन्हें अपने पिता नरेंद्र सोनी से मिला, जिन्होंने उन्हें खेल की बारीकियां सिखाईं और हर कदम पर सकारात्मक रूप से प्रोत्साहित किया। उदयपुर की मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई कर रही तनुश्री साथ-साथ में इस खेल को लेकर भी समय देती है। तनुश्री ने 2017 में नेशनल स्तर पर भागीदारी की, इसके अलावा अंडर-17 वर्ग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एक नेशनल सीनियर टूर्नामेंट में भी वे हिस्सा ले चुकी हैं। उनका सपना भारतीय टीम से खेलना है और इसके लिए वे लगातार मेहनत कर रही हैं। वह बताती है कि उनके पिता नरेंद्र सोनी स्वयं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं और 1990 व 1997 की संतोष ट्रॉफी में कंटेंडर प्लेयर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने राजस्थान महिला फुटबॉल टीम का तीन बार प्रतिनिधित्व भी किया है। ऐसे में तनुश्री को घर से ही खेल का मजबूत माहौल और प्रेरणा मिली। जिला फुटबॉल संघ के सचिव शकील अहमद ने बताया कि मणिपुर की लीग में राजस्थान की बेटी का चयन पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि तनुश्री जैसी प्रतिभाएं आने वाले समय में देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेगी।


