उदयपुर शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा हो गया। यहां मंगलवार देर रात निर्मार्णाधीन बिल्डिंग की छत की शटरिंग गिरने से 3 लोग घायल हो गए।
घायलों को सरकारी एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना रात करीब 11:30 बजे की है। जब एयरपोर्ट पर निर्माणाधीन भवन की छत भराई से पहले लोहे के सरिए और पाइप लगाए गए थे। तभी अचानक लोहे के झूलते सरिए और पाइप नीचे खड़े मजदूरों पर गिर गए। इसमें 3 मजदूरों के हाथ और पैर पर गंभीर चोटें लगी। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर एयरपोर्ट प्रबंधन के कर्मचारी और डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया। एयरपोर्ट पर इस तरह की लापरवाही सामने आने पर बड़े सवाल उठ रहे हैं। बता दें, इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मापदंड पूरे करने के तहत यहां निर्माण जारी है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने न्याति इंजीनियरिंग कंपनी को ठेका दिया हुआ है। तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर
डबोक थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट पर निर्माणाधीन भवन की छत भरने से पूर्व लोहे की शटरिंग की जा रही थी। जो अचानक झूल गई और उसमें से कुछ सरिए-पाइप वहां नीचे खड़े मजदूरों पर गिर गए। इससे अब्दुल्ला, कन्हैयालाल और रहीम तीन मजदूर घायल हो गए। इन तीनों को हॉस्पिटल भर्ती कराया गया। तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है। इनपुट: ओम पुरोहित, खेमली


