उदयपुर में ऑस्ट्रेलियाई टूरिस्ट से छेड़छाड़:बार में ऑटो ड्राइवर ने की जबरदस्ती, पुलिस ने पकड़ा तो बोला – नशे में गलती हो गई

उदयपुर में महिला सुरक्षा और पर्यटन की साख को बट्टा लगाने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहाँ एक ऑस्ट्रेलियाई युवती के साथ रेस्टोरेंट एंड बार में छेड़छाड़ की गई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान खांजीपीर निवासी (38) तोसिफ अली के रूप में हुई है, जो पेशे से एक ऑटो चालक है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने शराब के नशे में इस शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ में उसने बताया कि वो ज्यादा नशे में था, इस कारण गलती हो गई। पुलिस के अनुसार पीड़िता इसी साल जनवरी के पहले सप्ताह में टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया से भारत यात्रा पर आई। वो देश के अलग-अलग हिस्सों में करीब एक सप्ताह बिताने के बाद झीलों की नगरी उदयपुर पहुंची थी। दो दिन पहले शहर घूमने के लिए उसने एक ऑटो किराए पर लिया और शाम को सुखाड़िया सर्कल क्षेत्र स्थित एक बार में पहुंची। इसी दौरान नशे की हालत में ऑटो ड्राइवर आरोपी तोसिफ अली ने उसके साथ बदसलूकी और गंदी हरकतें करना शुरू कर दिया। अचानक हुई इस घटना से विदेशी युवती बुरी तरह डर गई और तुरंत वहां से अपने होटल लौट गई। इसके बाद युवती ने हिम्मत जुटाकर अंबामाता थाने में मामला दर्ज करवाया। विदेशी टूरिस्ट से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में टीम गठित कर आरोपी को डिटेन किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिए हैं, ताकि सबूतों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जा सके। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्च अधिकारी जानकारी देने से बच रहे है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *