उदयपुर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने देर रात हाईवे पर घेराबंदी कर एक स्कॉर्पियो कार को पकड़ा, जिसमें भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा भरा हुआ था। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने 4 क्विंटल से ज्यादा नशा जब्त कर लिया है। पुलिस को देख तस्करों ने बढ़ा दी रफ्तार
एसपी योगेश गोयल के निर्देश पर उदयपुर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक सफेद स्कॉर्पियो कार में डोडा चूरा भरकर डबोक से अंबेरी की तरफ ले जाया जा रहा है। इस पर थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने एनएच-76 हाईवे पर नाकाबंदी की। तभी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आती दिखी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने नाकाबंदी तोड़कर गाड़ी भगाई। गाड़ी छोड़कर झाड़ियों में ओझल हुए तस्कर
पुलिस टीम ने तुरंत तस्करों का पीछा शुरू किया। खुद को घिरता देख तस्करों ने सुनसान जगह पर गाड़ी रोकी और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों और झाड़ियों की तरफ भाग गए। पुलिस ने आसपास के इलाके में उनकी काफी तलाश की, लेकिन रात के अंधेरे के कारण वे हाथ नहीं लगे। 25 कट्टों में भरा था 456 किलो डोडा चूरा
जब पुलिस ने लावारिस मिली स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो उसमें 25 प्लास्टिक के कट्टे मिले। इन कट्टों में कुल 456 किलोग्राम डोडा चूरा भरा हुआ था। जांच में पता चला कि तस्कर इस नशे की खेप को मेवाड़ से मारवाड़ की तरफ ले जा रहे थे। पुलिस को गाड़ी के अंदर से दो अलग-अलग नंबर प्लेट्स भी मिली हैं। तस्कर अक्सर पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते हैं। तस्करों के नेटवर्क की तलाश जारी
प्रतापनगर पुलिस ने स्कॉर्पियो और डोडा चूरा को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह माल कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। गाड़ी के नंबर के आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है।


