उदयपुर में बकाया यूडी टैक्स वसूलने के लिए नगर निगम ने अब अपने तेवर कड़े कर लिए है। निगम की टीम सोमवार को पूरे दलबल के साथ सड़क पर उतरी और उन दुकानदारों पर कार्रवाई की जो लंबे समय से टैक्स दबाकर बैठे थे। निगम कमिश्नर अभिषेक खन्ना के आदेश पर टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में 4 बड़ी दुकानों और शोरूम (कमर्शियल प्रोपर्टी) को सीज कर दिया। निगम की टीम ने सब जगहों पर सरकारी ताले लगाकर सील लगा दी। इन जगहों पर हुई कार्रवाई
निगम की टीम सबसे पहले अम्बामाता स्कीम पहुंची और वहां ‘टखमण 28 आर्ट सेंटर’ को सीज किया। इसके बाद नीमच खेड़ा के ‘LTV 007’ और राड़ा जी चौराहे पर बने ‘वैदेही फूड प्लाजा’ पर भी ताला जड़ दिया गया। टीम यहीं नहीं रुकी, बीएन कॉलेज के सामने स्थित ‘चंद्रा मोटर्स’ को भी टैक्स नहीं भरने की वजह से बंद कर दिया। राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर ने बताया कि इन सभी को पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन इन्होंने पैसा जमा नहीं कराया। टीम को देखते ही निकाला चेकबुक नगर निगम की इस कार्रवाई का डर ऐसा था कि कुछ दुकानदारों ने टीम को देखते ही तुरंत अपना बकाया चुका दिया। टाउन हॉल के पास स्थित ‘ग्रेट स्टेन शॉप’ और हिरण मगरी के ‘सिद्धि विनायक पार्क’ में एक दुकान पर जब टीम ताला लगाने पहुंची, तो उन्होंने मौके पर ही पूरा टैक्स जमा करा दिया। पैसा मिलने के बाद निगम ने उन्हें राहत दे दी। 31 मार्च तक है छूट, वरना होगी सीजिंग
कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने कहा है कि बार-बार नोटिस देने के बाद भी टैक्स जमा नहीं करवाने वाले लोगों को अब रियायत नहीं दी जाएगी। निगम का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज होगा। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि 31 मार्च तक सरकार टैक्स में भारी छूट दे रही है। अगर दुकानदार इस छूट का फायदा उठाकर अपना हाउस टैक्स और यूडी टैक्स जमा नहीं करते हैं, तो उनकी प्रॉपर्टी भी सीज की जा सकती है।


