उदयपुर विकास प्राधिकरण की तीन योजनाओं के 1109 आवासीय प्लॉट के आवंटन के लिए आखिरी तारीख तय कर दी गई है। इन योजनाओं के लिए ई-लॉटरी के जरिए आवेदन करने वालों में से नाम खुलेंगे। यूडीए कमिश्नर राहुल जैन ने बताया कि सामुदायिक केन्द्र, साउथ एक्सटेंशन, बलीचा में 18 दिसंबर को सुबह 11 बजे लॉटरी निकाली जाएगी। ई- लॉटरी पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से, पूर्ण पारदर्शिता के साथ, जिला कलेक्टर द्वारा नामित प्रतिनिधि, प्राधिकरण अधिकारियों एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदक निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर ई-लॉटरी की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकते हैं। लॉटरी के पश्चात सफल आवेदकों की सूची तथा प्रतीक्षा सूची प्राधिकरण की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। सफल आवेदकों के दस्तावेज सत्यापन का शेड्यूल प्राधिकरण की वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएगी।


