उदयपुर संभागीय आयुक्त पहुंची डूंगरपुर:कलेक्ट्रेट और जिला जेल का निरीक्षण कर कामकाज परखे

उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी शुक्रवार को डूंगरपुर जिले के दौरे पर रहीं। उन्होंने कलेक्ट्रेट के विभिन्न शाखाओं और जिला जेल का निरीक्षण कर कामकाज का जायजा लिया।
डूंगरपुर पहुंचने पर कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एडीएम दिनेशचंद्र धाकड़ ने संभागीय आयुक्त का स्वागत किया। केवलरमानी ने कलेक्ट्रेट में चल रहे विभिन्न सरकारी कार्यालयों और शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला कलेक्टर कार्यालय की लेखा शाखा, संस्थापन शाखा, लोक अभियोजन शाखा, साइबर सेल, अभय कमांड और डूंगरपुर एसडीएम कार्यालय का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यरत कार्मिकों से बातचीत कर उनके कामकाज की जानकारी ली।
संभागीय आयुक्त ने भवनों की स्थिति, रिकॉर्ड संधारण और लंबित प्रकरणों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला कलेक्टर से जिले में चल रहे एसआईआर कार्यक्रम की प्रगति के संबंध में भी चर्चा की। इसके बाद, संभागीय आयुक्त केवलरमानी ने डूंगरपुर जिला कारागृह का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों की क्षमता और संख्या के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जेल में भोजन व्यवस्था, चिकित्सकीय सुविधा, सुझाव पेटिका, मुलाकात पंजिका, स्टॉक पंजिका और राशन पंजिका सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *