छावनी थाना क्षेत्र के सर्कुलर मार्केट कैंप-2 में शनिवार की रात पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर उसके ही दोस्त ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पत्थर (बोल्डर) से सिर पर वार कर युवक को मौत के घाट उतारने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
खून से लतपथ पड़ा था भाई
नीलकमल के भाई ने बताया कि उन्हें अन्य लोगों से सूचना मिली कि किसी ने उनके भाई को पत्थर से कुचलकर मार दिया है। जब वे मौके पर पहुंचे तो नीलकमल खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया। नीलकमल की बहन ने बताया कि वह अकेला रहता था। भाइयों में पहले ही बंटवारा हो चुका है और माता-पिता का देहांत हो चुका है। व्यापारियों ने बताया- आए दिन होता है यहां पर विवाद
घटना के संबंध में स्थानीय व्यापारी धनराज नामक व्यक्ति ने बताया कि वे दुकान बंद कर रहे थे, तभी एक परिचित ने आकर बताया कि नील को किसी ने मार दिया है। उन्होंने बताया कि सर्कुलर मार्केट इलाके में रात के समय लोग बैठकर शराब पीते हैं और वहां अक्सर विवाद होते रहते हैं। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां नीलकमल गंभीर हालत में पड़ा था। सिर पर पत्थर से वार किया गया था और उसका कान कटा हुआ था। इसके बाद उन्होंने थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। रात में आरोपी को किया गिरफ्तार
छावनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवा कोसले (29) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्राथमिक पूछताछ में पैसों के लेन-देन का मामला सामने आया है। चार महीने पहले आरोपी शिवा ने नीलकमल को 15 हजार रुपए दिए थे। रात में दोनों साथ ही बैठे थे। बताया जा रहा है कि दोनों शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। गुस्से में आकर शिवा ने पास पड़े पत्थर से नीलकमल के सिर पर कई वार कर दिए। परिजन बोले- पहले भी कर चुका है हत्या
नीलकमल के बड़े भाई ने बताया है कि आरोपी शिवा अपराधी प्रवृत्ति का है। करीब पांच साल पहले भी उसने परिवार के ही एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। उस वक्त भी उसने इसी तरह वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। घायल नीलकमल का इलाज दुर्ग जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।


