कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 28 नवंबर को दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने X पर दिल्ली की महिलाओं के साथ प्रदूषण पर बातचीत का वीडियो शेयर किया। साथ में लिखा- मैं जिस भी मां से मिलता हूं, वो कहती हैं कि उनका बच्चा जहरीली हवा में सांस लेकर बड़ा हो रहा है। लोग थके, डरे हुए और गुस्से में हैं। मोदी जी भारत के बच्चे हमारे सामने घुट रहे हैं। राहुल गांधी की इस पोस्ट पर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पलटवार किया है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी के अभियानों से युवाओं का दम घुट रहा। राहुल गांधी को इटली के चश्मे से दिख नहीं रहा है। वो भारत का चश्मा लगाएंगे, तो उन्हें सबकुछ दिखेगा। राहुल गांधी ने लिखा था राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया था, कि बच्चों का दर्द सबसे गहरी चोट की तरह मांओं के दिल में उतरता है। दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ लड़ रहीं ऐसी ही कुछ साहसी मांओं से मिला। वे अपने ही नहीं, पूरे देश के बच्चों के भविष्य को लेकर डरी हुई हैं। आगे कहा कि जहरीली हवा से छोटे-छोटे बच्चे फेफड़ों, दिल और मानसिक बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। लेकिन इतनी भयावह राष्ट्रीय आपदा के बीच भी मोदी सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है और समय तेजी से हमारे हाथों से फिसल रहा है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा बोले- राहुल गांधी भारत का चश्मा लगाए राहुल गांधी के बयानों पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा, कि राहुल गांधी के अभियानों से देश के युवा थक चुके है। प्रदूषण की मुद्दे पर बात करें तो सरकारें काम रही है, लेकिन उन्हें इटली के चश्मे से दिख नहीं रहा है। वो भारत का चश्मा लगाएंगे, तो उन्हें सबकुछ दिखेगा।


