बलौदाबाजार के पलारी थाना क्षेत्र में उपसरपंच पर रॉड-डंडे से हमला करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। यह घटना ग्राम भरूवाडीह में हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी दंपति गांव में कथित तौर पर अवैध धंधा चलाते हैं। पति हाल ही में जेल से रिहा हुआ था। मुखबिरी के संदेह में वे ग्रामीणों को गालियां दे रहे थे। जब ग्राम पंचायत के उपसरपंच भाव सिंह जांगड़े ने उन्हें इस गलत व्यवहार से रोकने और गांव में शांति बनाए रखने की अपील की, तो आरोपी भड़क गए। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि आरोपी पति-पत्नी ने उपसरपंच भाव सिंह जांगड़े पर रॉड और डंडों से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन पर अवैध व्यवसाय चलाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।


