उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर गंगापुर सिटी पहुंची। उन्होंने होटल द पर्ल में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही भाजपा के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा वन नेशन वन इलेक्शन भाजपा का एक बड़ा सपना है, यह पहल देश के लिए जरूरी है, इससे देश के विकास को गति मिलेगी। जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर जागरुकता के लिए पार्टी स्तर पर बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा और इसके लिए देशभर में आम सहमति बनाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्राओं को कालीबाई भील मेधावी स्कूटी योजना और देवनारायण छात्रा स्कूटी योजना के तहत निशुल्क स्कूटी वितरित की। लोकार्पण-शिलान्यास और कार्यकर्ता सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के अलावा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर, सपोटरा विधायक हंसराज बालौती, सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान मंजू गुर्जर, बामनवास प्रधान शशिकला, राजेन्द्र मीणा मंचासीन थे। डिप्टी सीएम ने कहा कि बजट में मुख्यमंत्री भजनलाल ने गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी ही नहीं बल्कि हर वर्ग का ध्यान रखा ताकि कोई वंचित नहीं रहे। डिप्टी सीएम ने कहा कि सवाई माधोपुर जिले से उनका गहरा लगाव रहा है, उनका राजनीतिक जीवन भी सवाई माधोपुर से ही शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत के बल पर आगामी नगर निकाय और पंचायतीराज चुनाव में भाजपा क्लीन स्वीप करेगी। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के लाभार्थियों को सोलर इंडक्शन भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। पिछली बजट घोषणाओं के 80% से अधिक कार्य धरातल पर शुरू हो चुके हैं। इस बजट की घोषणाएं भी जल्द लोगों के सामने होंगी। ईआरसीपी और पीकेसी का पानी जनता तक पहुंचे, इसके लिए जरूरी कार्य किए जा रहे हैं।


