हनुमानगढ़ के संगरिया का आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र मानकसर अब राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन सर्टिफिकेशन (एनक्यूएएस) युक्त चिकित्सा संस्थान बन गया है। जिला कलेक्टर कानाराम के मार्गदर्शन में जिले के 18 चिकित्सा संस्थानों के साथ अब एक और चिकित्सा संस्थान के जुड़ने से कुल 19 संस्थान एनक्यूएएस सर्टिफाइड बन चुके हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र मानकसर चिकित्सा संस्थान को 1 लाख 26 हजार रुपए प्रतिवर्ष मिलेंगे। इस तरह चिकित्सा संस्थान को तीन वर्ष में 3 लाख 78 हजार रुपए मिलेंगे। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने एसीएमएचओ डॉ. ज्योति धींगड़ा, बीसीएमओ रावतसर डॉ. मनिंद्र सिंह क्वालिटी नोडल एवं समस्त स्टाफ को जिले में अब तक 19 चिकित्सा संस्थानों का एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन होने पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि विभाग को सोमवार शाम नेशनल हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर, नई दिल्ली से प्राप्त हुए पत्र में आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मानकसर को 92.29 प्रतिशत अंक मिलने की सूचना मिली। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने कहा कि अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. ज्योति धींगड़ा और एनक्यूएएस के नोडल अधिकारी और बीसीएमओ रावतसर डॉ. मनिंद्र सिंह के नेतृत्व में जिला क्वालिटी टीम के पूर्ण सहयोग से संगरिया बीसीएमओ डॉ. रवि खीचड़ की देखरेख में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कर्मचारी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता मंजू सुथार, सीएचओ मोनू, बीएचएस सुखमन्द्र कौर, हरपिन्द्र सिंह, योगिता शर्मा ब्लॉक टीम की ओर से टीम वर्क में कार्य करने पर संस्थान एनक्यूएएस सर्टिफाई हुआ। डॉ. ज्योति धींगड़ा ने बताया कि जिला क्वालिटी टीम में एनक्यूएएस नोडल डॉ. मनिन्द्र सिंह, फार्मासिस्ट सन्नी ग्रोवर, नर्सिंग ऑफिसर धर्मपाल छिंपा, बीपीओ कृष्ण टाक ने सराहनीय प्रयास किए। इसकी बदौलत आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मानकसर को यह सर्टिफिकेशन मिल सका। उन्होंने बताया कि जिले में अब एमजीएम जिला अस्पताल, पीएचसी खोथांवाली, सीएचसी रावतसर, उपजिला अस्पताल नोहर, पीएचसी अजीतपुरा, सीएचसी संगरिया, पीएचसी घेऊ, पीएचसी सिलवाला खुर्द, पीएचसी मिर्जावाली मेर, पीएचसी जिगासरी छोटी, पीएचसी दीनगढ़, पीएचसी गंधेली, यूपीएचसी टाउन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपस्वास्थ्य केन्द्र धन्नासर सर्टिफाइड हैं। अब आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र 17 पीबीएन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र रामपुरा उर्फ रामसरा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र अमरपुरा जालू, आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लखूवाली के बाद आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र मानकसर भी एनक्यूएएस युक्त चिकित्सा संस्थान बन गया है।


