उमरिया के छपडौर जंगल में पेड़ पर बैठा तेंदुआ:बांधवगढ़ टीम ने भीड़ हटाई, 3 घंटे बाद जंगल में लौटा

उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र में मंगलवार को एक तेंदुआ पेड़ पर चढ़ा हुआ देखा गया। छपडौर गांव से सटे जंगल में तेंदुआ दिखने से क्षेत्र में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाया। लगभग तीन घंटे बाद तेंदुआ पेड़ से उतरकर जंगल की ओर चला गया। तेंदुए को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए थे। स्थिति को देखते हुए, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की दस सदस्यीय टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों को पेड़ से सुरक्षित दूरी पर हटाया और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे तेंदुए के पास जाने या उसे छेड़ने का प्रयास न करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी वन्यजीव के दिखने पर उसकी जानकारी तुरंत विभाग को दी जाए। मानपुर परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश अहिरवार ने बताया कि तेंदुआ जंगल क्षेत्र के भीतर पेड़ पर बैठा था। उन्होंने कहा कि वन्यजीव और ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि भीड़ हटने के बाद तेंदुआ पेड़ से उतरकर जंगल की ओर चला गया है और निगरानी के लिए टीम अभी भी तैनात है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *