उमरिया के करौंदी टोला स्कूल में पदस्थ एक प्राथमिक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षक चंद्रभान कोल पर नशे की हालत में स्कूल आने और पढ़ाने में लापरवाही बरतने का आरोप है। जिला शिक्षा अधिकारी ने यह कार्रवाई की है। नशे की हालत में कुर्सी पर बैठे वीडियो आया था सामने यह मामला तब सामने आया जब गुरुवार को ग्रामीणों ने शिक्षक चंद्रभान कोल का एक वीडियो बनाया। इस वीडियो में शिक्षक नशे की हालत में कुर्सी पर बैठे सोते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने और आरोपों के बाद बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर) यज्ञ सेन त्रिपाठी ने कार्यालय से दादूराम सेन और अमित कुमार त्रिपाठी को जांच के लिए मौके पर भेजा। जांच दल को करौंदी टोला स्कूल में शिक्षक चंद्रभान नशे की हालत में ही मिले। अक्सर नशे की हालत में ही स्कूल आते थे गांव के सरपंच, उपसरपंच, सहायक सचिव और अभिभावकों ने भी अधिकारियों को बताया कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में ही स्कूल आते हैं। अधिकारियों ने इसे शिक्षकीय मर्यादा के खिलाफ और दंडनीय कार्य माना। इसके बाद, जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक शिक्षक चंद्रभान कोल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मानपुर कार्यालय रहेगा।


