उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। गंजरा नाला के पास सब्जी ले जा रही एक पिकअप वाहन बेकाबू होकर पलट गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। सब्जी व्यापारी शहपुरा सब्जी लेकर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन (क्रमांक एमपी 54 जेडबी 1459) में सब्जी के साथ बिक्री के लिए ठेले भी लोड थे। बताया जा रहा है कि वाहन की स्टेयरिंग फेल हो जाने के कारण चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई। इस दुर्घटना में शिब्बू सोनकर नामक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। सूचना मिलने पर बिरसिंहपुर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पिकअप में सवार चारों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना की अन्य तस्वीरें…


