उमरिया में धान के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कौड़िया क्षेत्र के पास धान से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। ट्रक में 1000 से अधिक धान की बोरियां थीं, जिन्हें बिसहनी वेयरहाउस में सुरक्षित रखवाया गया है। दो ट्रकों के बीच टक्कर होने की सूचना पर पहुंची पुलिस जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक यूपी 70 एफटी 9730 कौड़िया से अखडार की ओर जा रहा था। इसी दौरान दो ट्रकों के बीच टक्कर होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पुलिस को ट्रक में भारी मात्रा में धान की बोरियां लदी मिलीं। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर राजस्व और खाद्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। इस मामले में पुलिस ने भी वाहन के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। खाद्य विभाग ने नियमानुसार ट्रक को किया जब्त अधिकारियों ने ट्रक से संबंधित कागजातों की जांच की, जो संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद खाद्य विभाग ने नियमानुसार ट्रक को जब्त कर लिया। खाद्य निरीक्षक जागृति प्रजापति ने बताया कि धान को जब्त कर सुरक्षित वेयरहाउस में रखा गया है। अभी हमारे यहां खरीदी चल रही है और धान का मिस यूज ना हो इसलिए इसे जब्त किया गया है।


