उमरिया में राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज:33 राज्यों के 697 खिलाड़ी पहुंचे; प्रशासन ने की रहने-खाने और सुरक्षा और बसों की व्यवस्था

उमरिया जिले में सोमवार को 69वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। इस बड़े आयोजन में देशभर के 33 राज्यों से 697 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन शहडोल संभाग आयुक्त सुरभि गुप्ता और कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने किया। कार्यक्रम में एसपी विजय भागवानी और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल भी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में दिखा उत्साह स्कूल शिक्षा विभाग की मेजबानी में हो रही इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। उद्घाटन के बाद प्रतियोगिता का पहला मैच खेला गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। खिलाड़ियों ने साझा किए अनुभव उमरिया पहुंचे कई खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा किए। असम के खिलाड़ी अनुज ने कहा कि उमरिया में खेलना उनके लिए एक अच्छा अनुभव है। वहीं विद्या भारती की टीम के विथोवेन ने बताया कि उनकी 18 सदस्यीय टीम इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल हो रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने इतने बड़े आयोजन के लिए शालेय शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता जिले के लिए गर्व की बात है।
कलेक्टर धरणेन्द्र जैन ने बताया कि खिलाड़ियों के रहने, खाने और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। खिलाड़ियों को लाने-ले जाने के लिए बस अपर कलेक्टर अभय सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए लाने-ले जाने की व्यवस्था के तहत बसें भी उपलब्ध कराई गई हैं। इस राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता से उमरिया जिले में खेलों के प्रति नई ऊर्जा आएगी। साथ ही, इतने बड़े स्तर के आयोजन से जिले में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *