उमरिया जिले में चल रहे विद्युत लाइन विस्तार कार्य में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। ठेका कंपनी द्वारा ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइन लगाने का काम कराया जा रहा है, जिसमें मजदूरों को ऊंचे विद्युत पोलों पर चढ़कर कार्य करना पड़ रहा है। कार्यस्थल पर मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण जैसे सेफ्टी बेल्ट, सेफ्टी जैकेट, दस्ताने और हेलमेट उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। मजदूर बिना इन उपकरणों के काम करते देखे गए, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है। सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर ठेका कंपनी मजदूरों की जान जोखिम में डाल रही है। यह कार्य एमडीपी कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। मौके पर मौजूद कंपनी के सुपरवाइजर रामसजीवन तिवारी से जब मजदूरों की सुरक्षा के संबंध में सवाल किया गया, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और वहां से चले गए। इस मामले में बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) योगेश उइके ने बताया कि विभाग लगातार ठेकेदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए पत्र लिख रहा है। उन्होंने कहा कि यदि लापरवाही की जानकारी मिली है, तो संबंधित ठेकेदार को फिर से सख्त निर्देश जारी किए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।


