उमरिया में सीएम हेल्पलाइन का दुरुपयोग कर ब्लैकमेलिंग करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने उफरी निवासी अवधेश सेन को गिरफ्तार किया है, जो सरकारी विभागों में झूठी शिकायतें दर्ज कर लोगों से पैसे वसूली करता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित पवन सेन (30) ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पवन ने बताया कि आरोपी ने उनके मेंस पार्लर के खिलाफ अवैध निर्माण की झूठी शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद शिकायत वापस लेने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 18,500 रुपए की वसूली की। आरोपी ने शिकायत को पूरी तरह बंद करने के लिए 2 लाख रुपए की और मांग की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवधेश सेन ने राजस्व विभाग, नगर पालिका और अन्य विभागों में 40 से अधिक ऐसी शिकायतें दर्ज कराई हैं। ये पहले किसी व्यक्ति या व्यवसाय के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करता। फिर उसे वापस लेने के नाम पर पैसों की मांग करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। यह घटना सीएम हेल्पलाइन जैसी जनहित की सुविधाओं के दुरुपयोग का गंभीर मामला है।


