भास्कर न्यूज | अंबागढ़ चौकी विकासखंड के सेम्हरबांधा में तकरीबन 60 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे उल्टी-दस्त से बीमार हो गए। इन मरीजों को अंबागढ़ चौकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए गए जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सेम्हरबांधा के एक मोहल्ले में हैंडपंप के दूषित पानी पीने से 60 से अधिक लोग बीमार हो गए, जिन्हें एक-एक कर अंबागढ़ चौकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जिनका इलाज जारी है। बेड फुल होने से मरीजों को बेंच में लेटाया गया। वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ कर्मचारियों के हड़ताल से व्यवस्था चरमरा गई है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. खोब्रागडे ने बताया कि दूषित पानी पीने की वजह से पांच मरीज की हालत को देखते हुए राजनांदगांव रेफर किया गया है। कर्मचारियों की हड़ताल से उपचार में कोई बाधा नहीं आ रही है, डॉक्टरों की टीम अलर्ट है। सीएमएचओ डॉ. विजय खोब्रागडे ने बताया कि सेम्हारबांधा में पानी की पाइप लाइन एक दलदल से होकर गुजरने वाली पाइप फूटने के कारण पानी दूषित हो गया। इसके कारण दूषित पानी पीने की वजह से उल्टी दस्त के मरीज बढ़ गए। पाइप लाइन को बंद कराया गया है। गांव में कैंप लगाकर उपचार किया जा रहा है।


