बीजेपी सरकार के एक साल पूरा होने पर कोटा उत्तर से कांग्रेस विधायक व पूर्व यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधा है। साथ उन्होंने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के बयान पर भी पलटवार किया है। कोटा नयापुरा स्थित छात्रविलास उद्यान में मॉर्निंग वॉक के दौरान धारीवाल ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल के ‘विकास के नाम पर चुनाव नहीं जीता’ के बयान पर कहा कि ऊर्जा मंत्री जी अभी विकास को समझते ही नहीं है। उन्हें समझने में वक्त लगेगा। धारीवाल ने कहा बीजेपी सरकार का एक साल पूरा हो गया लेकिन हमें तो नजर नहीं आता कि कोटा जिले में कुछ हुआ हो। कहीं पर भी कोई नई चीज देखने को नहीं मिल रही। इन बातों का राजस्थान सरकार को सबक लेना चाहिए। यही कारण था कि कोटा लोकसभा चुनाव में जीत का अंतर कम रहा। इन्होंने ने कुछ (विकास) नहीं किया था। ना तो पहले कार्यकाल में किया। ना ही दूसरे कार्यकाल में किया। और ना अब कर रहे है। इसके नतीजे फिर भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा बीजेपी सरकार पक्षपात कर रही है। हमनें नगर निगम चुनाव के बाद बीजेपी व कांग्रेस पार्षदों के वार्डो में 1-1 करोड़ दिए थे। बीजेपी सरकार बनते ही बीजेपी वालो ने भाजपा पार्षदों के वार्डो में पैसा दिया है। कांग्रेसी पार्षदों के वार्डों में एक भी पैसा नहीं दिया। ये साफ साफ विश्वास घात हो रहा है। राइजिंग राजस्थान को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बयान ‘सरकार अगले साल एमओयू का हिसाब देगी’ पर पलटवार करते हुए धारीवाल ने कहा, सीएम ने कहा है सालभर बाद पूछना, तो सालभर बाद उनसे पूछेंगे।


