छोटी हैबोवाल के ऋषि नगर इलाके में शनिवार देर रात घर के बाहर बैठे एक प्रॉपर्टी डीलर पर करीब डेढ़ दर्जन हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने तेजधार हथियारों और बेसबॉल बैटों से पीड़ित पर ताबड़तोड़ वार किए और मोहल्ले वालों के इकट्ठा होने पर फरार हो गए। घायल की पहचान बलजीत कुमार बांगड़ (48) निवासी ब्लॉक नंबर-22, ऋषि नगर के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। बलजीत कुमार ने पुलिस को बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। शनिवार रात वह रोज की तरह घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान अचानक हथियारों से लैस कई युवक वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के उस पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उस पर बेसबॉल बैट और धारदार हथियारों से लगातार वार किए। शोर सुनकर जब आसपास के लोग बाहर आए तो आरोपी मौके से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल बलजीत को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी दाहिनी बाजू पर गहरा जख्म है, जबकि बाईं बाजू में फ्रैक्चर पाया गया है। घटना की सूचना थाना पीएयू पुलिस को दी गई है।


