तरनतारन|पंजाब पुलिस व बीएसएफ ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। ‘बाज अख’ एंटी-ड्रोन सिस्टम की मदद से 3.925 किलोग्राम हेरोइन लेकर आ रहे एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया गया। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि यह कार्रवाई बीओपी कालियां क्षेत्र के पास की गई। आधुनिक डीजेआई मैट्रिक मॉडल के इस ड्रोन को पाकिस्तान स्थित तस्करों ने भारतीय सीमा में हेरोइन भेजने के लिए भेजा था। ‘बाज अख’ सिस्टम ने ड्रोन की हरकत को ट्रैक किया, जिसके बाद तरनतारन पुलिस और बीएसएफ ने तुरंत घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया और खेतों से ड्रोन व हेरोइन की खेप बरामद की। तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हेरोइन की इस बड़ी खेप का स्थानीय रिसीवर कौन था।


