भास्कर न्यूज | जालंधर/नकोदर देहात पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दंपती को 7 किलो अफीम और 4900 ड्रग मनी समेत गिरफ्तार किया है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के नेतृत्व में बुधवार को थाना सदर नकोदर के मुख्य अधिकारी एसआई दिलबाग सिंह की टीम गांव बजूहा खुर्द से गांव जुगराल की ओर जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सफेद रंग की एंडेवर गाड़ी (पीबी 08डीडी 2625) आती देखी। पुलिस को देखकर गाड़ी सवार दंपती घबरा गया और गाड़ी रोककर एक किट बैग के साथ पास के निर्माणाधीन मकान में घुस गए। संदेह होने पर पुलिस ने छापा मारा। तब महिला सीढ़ियों के नीचे हाथों से गड्ढा बना रही थी, जबकि उसका पति उस किट बैग को वहां दबाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान धरमिंदर सिंह चीमा और उसकी पत्नी चरणजीत कौर निवासी गांव बजूहा खुर्द के रूप में हुई। किट बैग से 7 किलोग्राम अफीम और 4,900 रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एंडेवर गाड़ी भी जब्त कर ली। आरोपी धरमिंदर सिंह चीमा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। वह पहले भी तस्करी और चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। साल 2023 में थाना समालसर (मोगा) में 200 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तारी, साल 2021 में थाना लांबड़ा में चोरी और घर में जबरन घुसने (आईपीसी 457, 380) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(सी) और 27(ए) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।


