एंबुलेंस की आड़ में ट्रांसफार्मर चोरी, अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़:जांजगीर-चांपा पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, 17 लाख का माल जब्त

जांजगीर-चांपा जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने ट्रांसफार्मर और केबल वायर चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में बिलासपुर क्षेत्र के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 17 लाख 30 हजार रुपये का चोरी का सामान जब्त किया गया है। यह गिरोह चोरी के लिए बोलेरो वाहन को एंबुलेंस बनाकर इस्तेमाल करता था। आरोपी इतने शातिर थे कि वे चोरी के लिए एंबुलेंस लिखी गाड़ी का इस्तेमाल करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। वे पहले खराब ट्रांसफार्मर और केबल की रेकी करते थे, मोबाइल से फोटो खींचकर अपने साथियों को भेजते थे। इसके बाद रात में पिकअप वाहन और ‘एंबुलेंस’ लिखी बोलेरो से ट्रांसफार्मर और केबल चोरी कर ले जाते थे। शिवरीनारायण थाना में कनिष्ठ यंत्री मनोज कुमार सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दुरपा गांव में 13-14 जनवरी की रात ट्रांसफार्मर से करीब 230 किलो कॉपर वायर चोरी हो गया। इसके बाद 22 जनवरी को लोहर्सी गांव में लगे ट्रांसफार्मर से 200 किलो कॉपर तार चोरी की एक और शिकायत मिली। लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान, रिस्दा गांव स्थित एक कबाड़ी दुकान में छापा मारा गया, जहां से भारी मात्रा में चोरी का कॉपर तार बरामद हुआ। पूछताछ में कबाड़ी दुकान संचालक कुंदन वानी ने गिरोह के तौर-तरीकों का खुलासा किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस गिरोह ने बलौदा बाजार, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर जिले के मुलमुला व अकलतरा थाना क्षेत्रों में 10 से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर, कॉपर वायर, एल्युमिनियम तार, चार मोबाइल फोन, एक छोटा हाथी वाहन, बोलेरो एंबुलेंस और कटर मशीन जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 17 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *