एक आधार कार्ड पर हजार रुपए की गड्डी:झालावाड़ में 10 रुपए के नए नोटों के लिए बैंकों के बाहर लंबी कतार

झालावाड़ में 10 रुपए के नए नोटों की गड्डियां लेने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। शनिवार को गढ़ परिसर के बाहर स्थित बैंक के सामने सुबह से ही लोग जमा होने लगे। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे से ही लोग 10 रुपए के नोटों की गड्डियां लेने के लिए बैंक के बाहर जुटना शुरू हो गए थे। यह कतार इतनी लंबी हो गई कि बैंक से गढ़ दरवाजे तक पहुंच गई। कतार में पुरुष, महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। इन दिनों बैंकों में 10 रुपए के नए नोटों की गड्डियां उपलब्ध हुई हैं, जिनकी मांग खासकर वैवाहिक आयोजनों के लिए अधिक है। लोग आधार कार्ड लेकर लाइन में लगे थे। घंटों इंतजार के बाद, कई लोगों को एक आधार कार्ड पर 1000 रुपए तक की गड्डी दी गई। गौरतलब है कि बैंकों द्वारा लंबे समय से नए नोटों की गड्डियां जारी नहीं की गई थीं, जिसके कारण ऐसी भीड़ आए दिन लगने लगी है। कई लोगों को नंबर नहीं आने के कारण निराश होकर लौटना पड़ा।
कतार में लगे राजकुमार ने बताया कि उनके घर में वैवाहिक आयोजन है, जिसके लिए वे 10 रुपए के नोटों की गड्डियां लेने आए हैं, लेकिन घंटों इंतजार से उन्हें परेशानी हो रही है। इस भीड़ के कारण बैंक के पास यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई, जिससे आवाजाही में बाधा उत्पन्न हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *