एक किलो हेरोइन सप्लाई के एक लाख तो पिस्तौल के 50 हजार रुपए मिलते थे

भास्कर न्यूज | अमृतसर सीआईए स्टाफ-2 की टीम ने 8 दिन में साढ़े 4 किलो हेरोइन और एक पिस्तौल बरामद कर 3 तस्करों को काबू किया है। मेन मास्टरमाइंड गुरविंदर सिंह फिरोजपुर का रहने वाला है। आरोपी लंबे समय से फिरोजपुर और अटारी बार्डर से खेप रिसीव कर सप्लाई कर रहे थे। आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गोपी (23) निवासी फिरोजपुर, तिलक उर्फ शिबू (18) निवासी जालंधर (वर्तमान मुस्तफाबाद) और दलजीत सिंह उर्फ लाला (20) निवासी गांव नौशहरा ढाला (वर्तमान मुस्तफाबाद) के रूप में हुई है। दलजीत सिंह के खिलाफ 15 नवंबर को एसएसओसी थाना में आर्म्स एक्ट के तहत पहले से पर्चा दर्ज है जिसमें वो फरार चल रहा था। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सबसे पहले 12 दिसंबर को गुरविंदर सिंह उर्फ गोपी को 1.5 किलो हेरोइन और एक पिस्तौल के साथ काबू किया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम बताए , जिसके आधार पर पुलिस ने तिलक उर्फ शिबू और दलजीत सिंह उर्फ लाला को भी काबू किया। दोनों के कब्जे से 3 किलो हेरोइन बरामद की गई। सीपी भुल्लर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि फिरोजपुर में सीमा क्षेत्र के नजदीक रहने के कारण गुरविंदर सिंह ड्रोन ड्रॉप के जरिए नशीले पदार्थों और अन्य अवैध खेपों को प्राप्त करने में सक्रिय था। थाना गेट हकीमां में पर्चा दर्ज किया गया है। पूछताछ में 2 से 3 साथियों के नाम सामने आए है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस रेड कर रही है। आरोपियों को एक किलो हेरोइन सप्लाई के एक लाख तो पिस्तौल के 50 हजार रुपए मिलते थे। आगे खुलासे होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *