एक गोली दीवार में लगी, दूसरी टांग को छूकर निकली, 2 खाली कारतूस बरामद

भास्कर न्यूज | अमृतसर वेरका स्थित घर में घुसकर भारतीय मूल निवासी मुक्ति मोर्चा पंजाब के यूथ प्रधान के साथ मारपीट करते हुए गोलियां चला दी। एक गोली दीवार में लगी, जबकि दूसरी उसकी टांग को छूकर निकल गई। युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना वेरका की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 2 खाली कारतूस बरामद किए। यूथ विंग प्रधान अमन निवासी पुतलीघर ने बताया कि वीरवार रात साढ़े 10 बजे वह अपनी जानकार सिमरन के घर वेरका गया था। जहां वो पहले घर के अंदर गया। कुछ समय बाद हमलावरों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलते ही 6/7 लोग नकाबपोश हमलावर घर में घुस गए और आते ही फायरिंग कर दी। एक गोली दीवार पर लगी। उसके बाद हाथापाई की गई। दूसरी गोली उसकी टांग को छूकर निकल गई। अमन ने बताया कि 26 अक्टूबर के दिन सिटी के रहने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें अपने फार्म हाउस पर जाति सूचक शब्द कहे थे। जिसके बाद उनके ओर उनके साथियों के खिलाफ उन्होंने मामला दर्ज करवाया था। उसी रंजिश में आरोपियों ने उस पर हमला किया है। इससे पहले उन्होंने एक्ट्रेस नीरू बाजवा पर भी मामला दर्ज करवाया था और फिर श्री वाल्मीकि जी तीर्थ स्थान के खिलाफ बोलने वालों पर भी कार्रवाई करवाई थी। उसके बाद से ही उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं । धमकियों के बारे में अक्टूबर में पुलिस कमिश्नर को शिकायत पत्र सौंपा था, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। थाना वेरका के एएसआई लखविंदर कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि देर शाम सिमरन नाम की महिला के घर पर गोली चलाई गई है। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे और 2 खोल बरामद हुए हैं। आरोपियों के पकड़े जाने पर पता चलेगा कि हथियार लाइसेंसी था कि अवैध। घर में सीसीटीवी नहीं है, इसीलिए आसपास छानबीन की जा रही है। जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *