सीहोर जिले के इछावर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनाई जा रही सड़क की भ्रष्टाचार की परतें उधड़ने लगी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि 4 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में डामर की जगह काले तेल का उपयोग किया जा रहा है। गांव के 5 लोगों ने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर की है। यह सड़क काला पीपल जागीर से लसूड़िया कांगर तक बनाई जा रही है। ग्रामीणों ने मौके पर काम का निरीक्षण किया, जिसके बाद उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि ठेकेदार गुणवत्ता मानकों की अनदेखी कर रहा है। देखिए तस्वीरें ग्रामीणों का दावा- डामर नहीं, सिर्फ काला तेल लगाया पांच ग्रामीणों ने धांधली के विरोध में सामूहिक रूप से सीएम हेल्पलाइन (181) पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारी कथित तौर पर मिलीभगत कर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं। गांव के नेपाल पटेल ने बताया कि सड़क में डामर बिलकुल नहीं। काले तेल का उपयोग किया जा रहा है। रोड हाथ से उखड़ रहा। अभी बारिश में पूरा उखड़ जाएगा। निर्माण ठीक से कराया जाए। नहीं हुआ तो हम आंदोलन करेंगे। चार गांवों को जोड़ती है ये सड़क यह सड़क चार प्रमुख गांवों गाजी खेड़ी, काला पीपल जागीर, बावड़ियां नोआबाद और संदूखेड़ी को जोड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग उनकी ‘जीवन रेखा’ है, लेकिन निर्माण की शुरुआती स्थिति देखकर ऐसा लग रहा कि यह सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल पाएगी। काला पीपल जागीर के नीलेश वर्मा ने कहा– हम लंबे समय से इस सड़क का इंतजार कर रहे थे, लेकिन जैसा काम हो रहा है, उससे यह कुछ ही महीनों में फिर से गड्ढों में तब्दील हो जाएगी। सरकारी पैसे का इस तरह दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


