रायसेन जिले के सांची जनपद के ग्राम कचनारिया में ‘एक बगिया मां के नाम’ परियोजना के तहत फलदार पौधे लगाए गए। इस मौके पर सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और जिला पंचायत सीईओ अंजू पवन भदौरिया सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। परियोजना के अंतर्गत उजाला स्व-सहायता समूह की सदस्य हितग्राही दीदी मुल्लो बाई की आधा एकड़ कृषि भूमि पर 50 आम के पौधे रोपित किए गए। पौधों की खरीद, रोपण और सुरक्षा के लिए तार फेंसिंग की व्यवस्था भी की गई है। विधायक डॉ. चौधरी ने पौधरोपण के बाद सभी को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। प्रदेश सरकार ने महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए यह परियोजना शुरू की है। इसमें महिलाओं की निजी भूमि पर फलोद्यान की बगिया लगाने के लिए पौधे, खाद, जल कुंड निर्माण और सुरक्षा हेतु तार फेंसिंग की मदद दी जा रही है। यह परियोजना पहली बार मॉडर्न तकनीक के साथ संचालित हो रही है। ‘सिपरी सॉफ्टवेयर’ की मदद से पौधरोपण के लिए जमीन का वैज्ञानिक तरीके से चयन और परीक्षण किया जाता है। इसके जरिए यह तय किया जाता है कि किस जमीन पर कौन सा पौधा सबसे उपयुक्त होगा, पौधों की सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता कहाँ है और पौधों को कब लगाना है। साथ ही ड्रोन और सैटेलाइट इमेज की मदद से पौधरोपण की निगरानी भी की जा रही है, ताकि काम सही ढंग से हो और सभी पौधे ठीक से उग सकें। यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार साबित हो रही है।


