रतलाम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शनिवार को विधायक सभागृह में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला रतलाम दौरा था। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने शिक्षा सत्र 2024-25 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाले 2500 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री और फाउंडेशन अध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने की। एक बच्चे की सेवा चारधाम यात्रा से बढ़कर समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि लोग कई बार बड़े आयोजन, भंडारे करते हैं, लेकिन यदि हर व्यक्ति गरीब बच्चों की चिंता कर ले कि इनकी शिक्षा कैसे होगी। इनमें प्रतिभा है तो उसे कैसे आगे बढ़ाएंगे। यदि एक बच्चे की सेवा भी कर ले तो चारधाम की यात्रा से बड़ा काम होगा। रतलाम में चेतन्य काश्यप फाउंडेशन व टीम ऐसा ही सुंदर आयोजन कर रही है। 2500 बच्चों एवं पालकों को बुलाकर उनका सम्मान करने का काम अनुपम है। देखिए कार्यक्रम के दौरान की 3 तस्वीरें… सरकार ने शायद काश्यप जी से ही प्रेरणा ली खंडेलवाल ने मंत्री काश्यप के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि काश्यप शिक्षा हेतु बच्चों का कार्यक्रम सालों से कर रहे हैं। सरकार ने शायद उनसे ही प्रेरणा लेकर लैपटॉप बांटने का काम किया। खेलकूद के लिए भी वे खेल मेला कर रहे हैं, जिससे सरकार भी खेलों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने अहिंसा ग्राम में गरीबों के मकान बनाए। उसके बाद प्रधानमंत्री जी ने प्रधानमंत्री आवास की परिकल्पना की। वे उम्मीद करते हैं कि जनप्रतिनिधि हों, व्यवसायी हों, सभी एक न एक काम समाज के लिए जरूर करें। ऐसा होता है तो रतलाम देश-दुनिया के नक्शे पर सबसे आगे होगा। अभिभावक बच्चों को आदेश न दें, संवाद करें कैबिनेट मंत्री और फाउंडेशन अध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने बताया कि हमने जब यह समारोह प्रारंभ किया, तब 1600 बच्चे थे लेकिन इस वर्ष यह संख्या 2540 तक पहुंच गई है। समारोह में 93 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 121 बच्चे मंचासीन हैं। बच्चों के बौद्धिक स्तर का विकास निरंतर गति की ओर है और इसके लिए स्कूल संचालक व अभिभावक धन्यवाद के पात्र हैं। काश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 100वें साल में पंच परिवर्तन की बात कही है, उनमें महत्वपूर्ण कुटुंब प्रबोधन है। अभिभावक सप्ताह में एक दिन 10-15 मिनट परिवार और बच्चों के साथ बैठें, उन्हें आदेश न दें, बच्चों से संवाद करें कि वे क्या चाहते हैं, इससे बढ़ा बदलाव समाज में आता है। सभी सुबह जब प्रभु का स्मरण करते हैं, उस समय एक मिनट बच्चे के लिए सोचेंगे, तो निश्चित मानिए बच्चों का भविष्य उज्जवल बनेगा। 2014 से हो रहा आयोजन, रिस्ट वॉच और शील्ड मिली चेतन्य काश्यप फाउंडेशन वर्ष 2014 से नगर की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर रहा है। अब तक हजारों बच्चे इसमें सम्मानित हो चुके हैं। इस वर्ष के आयोजन में सभी मेधावी विद्यार्थियों को अभिभावकों की उपस्थिति में रिस्ट वॉच एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। 93 प्रतिशत एवं इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 121 मेधावी विद्यार्थियों ने अतिथियों के साथ मंच साझा किया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में विशेष अतिथि महापौर प्रहलाद पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय थे। इनके अलावा संभाग प्रभारी सुरेश, जिला प्रभारी प्रदीप पांडे, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, सम्मान समारोह समिति के पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा समेत 2500 विद्यार्थी और उनके पेरेंट्स मौजूद रहे।


