दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में एक साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में अंबापुरा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार गुजरात और महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में अपने ठिकाने बदल रहा था। जानकारी के अनुसार 28 अक्टूबर 2024 को एक पिता ने अंबापुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी हरीश पिता लखा (21), निवासी छप्पड़, उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 3 जनवरी 2025 को पीड़िता को दस्तयाब कर लिया। पीड़िता के बयान और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अपहरण की धाराओं में अपराध प्रमाणित पाया गया। आरोपी हरीश गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया था। उसकी तलाश में पुलिस ने सूरत, वड़ोदरा और मुंबई में विशेष टीमें भेजीं, लेकिन आरोपी बार-बार अपनी लोकेशन बदलता रहा। इस पर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। रविवार को अंबापुरा थानाधिकारी रमेशचंद्र मीणा के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी हरीश को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में थानाधिकारी सहित 12 पुलिसकर्मी शामिल रहे।


