विदिशा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एक वेल्डिंग की दुकान में चोरी की दोबारा वारदात हुई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। दुकान संचालक ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात भी उनकी दुकान से करीब 70 हजार रुपए के पीतल के बर्तन और नकदी चोरी हो गए थे। रविवार रात चोरों ने फिर उसी दुकान को निशाना बनाया और अंदर रखे गैस सिलेंडर को निकालकर बाउंड्री की जाली से तार के सहारे बांध कर ले गए। पहले भी हो चुकी घटनाएं यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में चोरी हुई हो। पिछले एक महीने में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। अहमदपुर रोड पर गांव चिड़ोरिया की वेल्डिंग की दुकान से चोरी हुई, साईं ऑरा कॉलोनी में करीब 20 लाख रुपए की बड़ी चोरी हुई और हरिपुरा के शिव विहार कॉलोनी में भी चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। लोग बोले- पुलिस की गश्त में सतर्कता में कमी लोगों का आरोप है कि पुलिस की गश्त और सतर्कता में कमी के कारण चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं और वे खुलेआम पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। हालांकि पुलिस ने कहा है कि वे मामले की जांच में जुटी हैं।


